रांची : राजधानी रांची के मोराबादी स्थित होटल पार्क प्राइम के पास मंगलवार (14 जुलाई 2026) को पुलिस जांच से बचने के प्रयास में एक संदिग्ध काले रंग की थार (महिंद्रा थार) के चालक ने पेट्रोलिंग टीम पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 11:30 बजे पेट्रोलिंग टीम ने पूरी तरह ब्लैक फिल्म लगी, टूटी विंडशील्ड और पीछे की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर छिपाई गई संदिग्ध थार को जांच के लिए रोकने का प्रयास किया। लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में भागने की कोशिश की।
भागने के दौरान थार की टक्कर से पेट्रोलिंग वाहन के चालक गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी। घायल पुलिसकर्मी के सिर पर पांच टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित छापेमारी की और आरोपी विश्राम उरांव (38 वर्ष), निवासी बरियातू, रांची को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त थार वाहन भी जब्त कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

