हजारीबाग: जिले के बरही थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप बरामद की है। पुलिस ने रसोईया धमना के पास छापेमारी कर बिहार तस्करी के लिए ले जाई जा रही 1190 पेटी अवैध शराब से लदे एक ट्रक को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान एक बिना नंबर की क्रेटा कार भी बरामद की गई, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध शराब की बड़ी खेप ट्रक के माध्यम से बिहार भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रसोईया धमना के समीप वाहन की घेराबंदी की और ट्रक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 1190 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।
मौके से एक बिना नंबर की क्रेटा कार भी जब्त की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी तथा तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा तस्करी से जुड़े अन्य आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

