जमशेदपुर: आगामी रथ यात्रा और शहर में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सोमवार को साकची थाना परिसर में शांति समिति एवं क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने की, जबकि नगर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) संजीव कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
बैठक में आगामी धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि सामाजिक सहभागिता और पुलिस-जन सहयोग से ही बड़े आयोजनों का सफल संचालन संभव है।
बैठक में जानकारी दी गई कि 16 जुलाई को बिष्टुपुर स्थित राम मंदिर से निकलने वाली रथ यात्रा, इस्कॉन की रथ यात्रा तथा देवनगर से निकलने वाली रथ यात्रा साकची के मुख्य गोलचक्कर से होकर गुजरेगी। इन आयोजनों के दौरान शांति समिति के सदस्य प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सक्रिय भूमिका निभाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। सदस्यों ने मोहल्ला स्तर पर नियमित पुलिस-पब्लिक बैठक आयोजित करने, साकची बाजार के व्यापारियों के साथ संवाद बढ़ाने तथा देर रात सार्वजनिक स्थलों पर होने वाली अवांछित गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर प्रभावी रोक लगाने के लिए रात्रि गश्त और छापेमारी तेज करने की मांग की।
इसके अलावा साकची बाजार एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, विशेष रूप से झंडा चौक स्थित हाई-मास्ट लाइट के आसपास अतिरिक्त कैमरे लगाने, बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने तथा साकची बाजार के मुख्य प्रवेश द्वार पर बने वॉच टावर पर स्थायी निगरानी दल की तैनाती कर वहीं से सीसीटीवी मॉनिटरिंग संचालित करने का सुझाव भी दिया गया।
नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि शांति समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझाव व्यावहारिक और उपयोगी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है। कई सुझावों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जल्द ही इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
बैठक में तेज प्रताप पांडे, परमजीत सिंह काले, सोनू राजा खान, मुन्ना खान, अंकित जवानपुरिया, विकास दुबे, राकेश साहू, कृतजीत सिंह रॉकी, हरविंदर सिंह, सैयद अंसारी, राघवेंद्र प्रताप सिंह, विवेक पांडे, शांतनु बोस, विकास कुमार सिंघानिया, मुदस्सिर हसन, शेख अहमद, इमरान खान, सैयद कलीम सहित शांति समिति के अन्य सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

