चाईबासा: झारखंड के पांच युवा फुटबॉलर 15 से 17 जुलाई तक नागपुर में आयोजित होने वाले इंडिया कैंप सह ट्रायल में भाग लेने के लिए चक्रधरपुर से रवाना हुए। इस प्रशिक्षण शिविर में चयनित खिलाड़ी मैक्सिको के जोकालो स्क्वायर में आयोजित होने वाले होमलेस वर्ल्ड कप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
पश्चिमी सिंहभूम से रवाना होने वाले खिलाड़ियों में सूरज बिरुली, ललित बैंकुरा, सचिन रमेश करवा, बनफूल तुबिड और मोनिका पुरती शामिल हैं। नागपुर रवाना होने से पहले चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर पूर्व फुटबॉलर एवं समाजसेवी विजय सिंह मेलगंडी, अधिवक्ता बिर सिंह बिरुली तथा युवा समाजसेवी मदन बोदरा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले इंक्लूजन कप-2026 में झारखंड की पुरुष एवं महिला टीम ने गोवा में उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया था। इसी प्रदर्शन के आधार पर इन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन किया गया है।
नागपुर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर और ट्रायल में सफल रहने वाले खिलाड़ियों का चयन मैक्सिको में होने वाले होमलेस वर्ल्ड कप-2026 के लिए भारतीय टीम में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का आयोजन स्लम सॉकर द्वारा किया जा रहा है, जबकि खिलाड़ियों को एकता संस्था की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

