चतरा : चतरा पुलिस ने नशे के काले कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए गिद्धौर थाना क्षेत्र से तीन ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। चतरा एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि पीराटांड़ के पास पेक्सा-गिद्धौर मुख्य मार्ग पर ब्राउन शुगर की डील हो रही है। सिमरिया एसडीपीओ शुभम भउसाहेब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया, जिसने मौके से तीन युवकों को रंगे हाथ दबोच लिया।
पकड़े गए तस्करों की पहचान हजारीबाग के शुभम कुमार (19) और रौशन कुमार (22), तथा बिहार के गया निवासी सुमित कुमार (20) के रूप में हुई है। तस्करों के पास से कुल 25.67 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹5 लाख बताई जा रही है। इसके अलावा एक आईफोन 13 और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।

