Breaking
Mon. Jul 13th, 2026

*रांची में दो नाबालिग लड़कियां बरामद, अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में 6 हिरासत में, पुलिस जांच जारी*

*रांची :* राजधानी रांची के तुपुदाना थाना क्षेत्र में घर से दो दिनों से लापता दो नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में अपहरण और दुष्कर्म के आरोपों के बीच पुलिस ने छह युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, दोनों नाबालिग हटिया के लटमा क्षेत्र की रहने वाली हैं। आरोप है कि उन्हें तुपुदाना स्थित भगवान होटल के पीछे एक किराये के मकान में दो दिनों तक रखा गया था। दोनों लड़कियां आरोपियों में से दो युवकों को पहचानती हैं, लेकिन उनके बयान में विरोधाभास सामने आया है। कभी वे जबरदस्ती की बात कह रही हैं, तो कभी यह कह रही हैं कि वे अपनी मर्जी से दो युवकों के साथ गई थीं, लेकिन बाद में उन्हें वहां से निकलने नहीं दिया गया।

रविवार को एक नाबालिग किसी तरह कमरे से बाहर निकलने में सफल हुई और डायल-100 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीसीआर और तुपुदाना पुलिस मौके पर पहुंची और पहले दो आरोपियों को हिरासत में लिया। बाद में उनकी निशानदेही पर चार अन्य युवकों को भी पकड़ लिया गया।

तुपुदाना ओपी में पूछताछ के दौरान दोनों नाबालिगों के अभिभावकों को बुलाया गया। इसी दौरान लड़कियों ने पुलिस को बताया कि स्मार्ट सिटी क्षेत्र में उनके साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। उनका आरोप है कि तीन अज्ञात युवकों ने उनके साथ दुष्कर्म किया और फरार हो गए, जिन्हें वे पहचान नहीं सकीं।

पीड़िताओं के अनुसार, घटना के बाद वे बदहवास हालत में स्मार्ट सिटी क्षेत्र में थीं। इसी दौरान तीन अन्य युवक उन्हें घर छोड़ने का झांसा देकर तुपुदाना क्षेत्र ले आए। देर रात संदिग्ध स्थिति में मिलने पर पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए ओपी ले आई, जहां उन्होंने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।

पुलिस सोमवार को दोनों नाबालिगों का मेडिकल परीक्षण कराने की तैयारी कर रही है। देर रात तक मामले में शामिल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी थी, हालांकि समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी। पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Related Post