गिरिडीह। गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र से सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक (डीएस) और पूर्व प्रभारी सिविल सर्जन रहे वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बी.एन. झा का शव लखारी स्थित एक सार्वजनिक कुएं से बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, डॉ. बी.एन. झा रोजाना की तरह सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए अपने घर से निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने के बीच स्थानीय लोगों की नजर लखारी स्थित एक कुएं में तैर रहे शव पर पड़ी। इसकी सूचना तत्काल पचंबा थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी प्रयास के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला। बाद में मृतक की पहचान डॉ. बी.एन. झा के रूप में हुई। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और शोक व्यक्त किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह हादसा था, आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

