आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आदित्यपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात ड्रग तस्कर शाहबाज खान (19) को गिरफ्तार कर लिया है। शाहबाज, ड्रग तस्करी के मामलों में जेल में बंद महिला तस्कर डोली परवीन का बेटा है। शनिवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर मुस्लिम बस्ती इलाके में छापेमारी कर उसे दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार शाहबाज खान आदित्यपुर थाना कांड संख्या 303/2025 का नामजद आरोपी था और काफी समय से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। रविवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि शाहबाज का नेटवर्क झारखंड से बाहर तक फैला हुआ था। वह अन्य राज्यों से ब्राउन शुगर की खेप मंगाकर आदित्यपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय छोटे ड्रग पैडलरों के माध्यम से इसकी आपूर्ति करता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और उससे जुड़े अन्य तस्करों व सप्लायरों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि शाहबाज का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है और वह नशीले पदार्थों की तस्करी के कई मामलों में जेल जा चुका है। उसकी मां डोली परवीन भी ड्रग तस्करी के आरोप में फिलहाल जेल में बंद है। पुलिस को उम्मीद है कि शाहबाज से पूछताछ के आधार पर नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े कई और लोगों तक पहुंच बनाई जा सकेगी।

