चाईबासा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले की 56-चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-195 की बूथ लेवल पदाधिकारी (बीएलओ) अनीता देवी ने गणना प्रपत्रों के 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय से पहले पूरा कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ वह जिले की पहली बीएलओ बन गई हैं, जिन्होंने अपने मतदान केंद्र के सभी गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा किया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण उनका नाम राज्य के बेहतर प्रदर्शन करने वाले बीएलओ की सूची में भी शामिल हुआ है।
इस उपलब्धि पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने अनीता देवी को बधाई देते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में बूथ लेवल पदाधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि अनीता देवी ने समर्पण, निष्ठा और समयबद्ध कार्यशैली का परिचय देकर अन्य बीएलओ और सुपरवाइजरों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी को भी बधाई दी।
मनीष कुमार ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 12 जुलाई तक गणना प्रपत्रों के वितरण और 20 जुलाई 2026 तक 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए जिला प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है।
उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सुपरवाइजरों और बीएलओ से पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की। साथ ही घोषणा की कि जिले में सबसे पहले 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा करने वाले शीर्ष 10 बीएलओ और सुपरवाइजरों को जिला निर्वाचन कार्यालय सम्मानित और पुरस्कृत करेगा।
उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग ने बताया कि निर्वाचन कार्यों के लिए बीएलओ और सुपरवाइजरों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बरसात को देखते हुए उन्हें बरसाती, छाता और अन्य जरूरी सामग्री भी दी गई है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रत्येक चरण की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा सभी कार्य आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय लगातार सक्रिय है। साथ ही जिले के सभी पात्र मतदाताओं से समय पर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने की अपील भी की गई।

