Breaking
Sat. Jul 11th, 2026

तमोलिया फायरिंग कांड का 24 घंटे में खुलासा, मुख्य आरोपी गोल्डन अंसारी गिरफ्तार; हथियार और कारतूस बरामद

सरायकेला। कपाली ओपी क्षेत्र के तमोलिया में 9 जुलाई को 62 वर्षीय शेख नूर मोहम्मद पर हुई जानलेवा फायरिंग की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी मो. जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, दो पुराने कट्टे, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि 9 जुलाई की दोपहर करीब 3:30 बजे गोविंद विद्यालय के पीछे शेख नूर मोहम्मद पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। घायल के बयान के आधार पर कपाली ओपी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(1), 118(2), 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके निर्देश पर एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान मिले पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर 10 जुलाई को मुख्य आरोपी मो. जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन अंसारी को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए घटना में प्रयुक्त हथियारों के संबंध में जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी पिस्टल, दो पुराने कट्टे, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया। बरामद हथियारों को जब्त कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, आगजनी, मारपीट, अवैध हथियार रखने समेत कई गंभीर आपराधिक मामले विभिन्न थानों में पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं थी तथा आरोपी के आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

इस पूरे अभियान में चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव कुमार, पुलिस निरीक्षक रवि कुमार सिंह, कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, अनुसंधानकर्ता हीरालाल मुंडू सहित विशेष पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Post