Breaking
Thu. Jul 9th, 2026

स्व. केदार महतो की 18वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, पत्रकारिता और रंगमंच में योगदान को किया याद

जमशेदपुर: समाजसेवी, रंगकर्मी, वरिष्ठ पत्रकार एवं जयालक्ष्मी नाट्य कला मंदिरम के मुख्य संरक्षक स्व. केदार महतो की 18वीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को भालूबासा सेंटर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों, कलाकारों और शुभचिंतकों ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्व. केदार महतो की तस्वीर पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर संस्था के ट्रस्टी एवं रंगकर्मी ए. बाबू राव ने कहा कि स्व. केदार महतो संस्था के सच्चे संरक्षक थे। उन्होंने बताया कि वर्ष 1996 में संस्था की पहली अंतर विद्यालय नाट्य एवं नृत्य प्रतियोगिता के दौरान केदार महतो ने अपने समाचार पत्र चमकता आईना में प्रतियोगिता में पाश्चात्य परिधान और नृत्य को लेकर बेबाक टिप्पणी की थी। उनकी सलाह को गंभीरता से लेते हुए संस्था ने अगले वर्ष से प्रतियोगिता में पाश्चात्य नृत्य को शामिल नहीं किया और आज तक उस परंपरा का पालन किया जा रहा है।

संस्था के ट्रस्टी एवं रंगकर्मी बलराम पारवे ने कहा कि स्व. केदार महतो जैसे व्यक्तित्व को सच्चे मन से नमन करना ही उनके प्रति वास्तविक श्रद्धांजलि है।

योग प्रशिक्षक निरंजन ने कहा कि स्व. केदार महतो का संस्था के प्रति योगदान अमूल्य रहा है। उन्होंने बताया कि संस्था के पास आज भी कला और साहित्य से संबंधित कई दुर्लभ समाचार कतरनें सुरक्षित हैं। इच्छुक लोग संस्था से संपर्क कर उनकी प्रतियां प्राप्त कर सकते हैं।

श्रद्धांजलि सभा में पवन कुमार, बलराम, निरंजन कुमार, राजेश कुमार, घोष दा, नेहा दत्ता, दिशा कुमारी और रौशनी कुमारी सहित अन्य कलाकारों ने पुष्प अर्पित कर स्व. केदार महतो को श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के अंत में जयालक्ष्मी नाट्य कला मंदिरम की ओर से शहर के सभी प्रेस प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Related Post