लोहरदगाः लोहरदगा पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली अंग्रेजी शराब के निर्माण और तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कुडू-चांपी मार्ग स्थित टिको मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान दो मालवाहक टेम्पो से भारी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब, स्पिरिट, शराब बनाने की मशीनें तथा पैकेजिंग सामग्री बरामद की गई। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार शाम करीब 5:05 बजे सूचना मिली थी कि दो मालवाहक वाहनों से अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
टिको मोड़ पर वाहन जांच के दौरान दोनों टेम्पो को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन सड़क पर छोड़कर भागने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रांची के रातू थाना क्षेत्र निवासी सुधीर कुमार साहु (21) और लोहरदगा के कुडू थाना क्षेत्र के विश्रामगढ़ निवासी प्रकाश लोहरा (20) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से करीब 300 लीटर से अधिक नकली अंग्रेजी शराब, स्पिरिट, कॉफी रंग का रसायन, शराब बनाने की मशीनें, टुलू पंप, रॉयल चैलेंज ब्रांड के कार्टन, नकली स्टीकर, आरसी लिखे ढक्कन, बारकोड और विभिन्न पैकेजिंग सामग्री बरामद हुई। बरामद सामान से स्पष्ट संकेत मिले हैं कि नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर उसे असली ब्रांड के नाम पर बाजार में खपाने की तैयारी थी।
इस मामले में कुडू थाना कांड संख्या 64/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 292, 274, 338 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने किया। टीम में पुलिस निरीक्षक चन्द्रशेखर आजाद, कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार एवं कुडू थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

