जमशेदपुर: टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) और अमेरिका के मिशिगन स्थित गैर-लाभकारी संगठन सूरी सेवा फाउंडेशन (एसएसएफ) ने टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट (टीएसटीआई), बर्मामाइंस के विद्यार्थियों को अकादमिक उत्कृष्टता के लिए सम्मानित करने की अपनी साझेदारी को अगले चार वर्षों के लिए नवीनीकृत कर दिया है। यह नई साझेदारी अप्रैल 2026 से प्रभावी हो गई है। इस परियोजना के लिए 18.5 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है, जिसका उद्देश्य तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना और सम्मानित करना है।
वर्ष 2020 में इस मेरिट अवार्ड कार्यक्रम की शुरुआत के बाद से अब तक 33 मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जा चुका है। समय के साथ यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है, जो उन्हें पढ़ाई, अनुशासन और समग्र व्यक्तित्व विकास की दिशा में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
सूरी सेवा फाउंडेशन मिशिगन (अमेरिका) स्थित एक गैर-लाभकारी संस्था है, जो शिक्षा, समाजसेवा और वैज्ञानिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कार्य करती है। टाटा स्टील फाउंडेशन के साथ साझेदारी के माध्यम से यह संस्था टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट में तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे योग्य विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर रही है।
नई साझेदारी के तहत सूरी सेवा फाउंडेशन टीएसटीआई के मेकाट्रॉनिक्स तथा इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के सात प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष सम्मानित करने के लिए आर्थिक सहयोग जारी रखेगा। इन पुरस्कारों में प्रतिष्ठित ‘स्कॉलर ऑफ द ईयर अवार्ड’ के साथ-साथ दोनों पाठ्यक्रमों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार शामिल हैं। यह पुरस्कार टाटा स्टील के दो समर्पित और लंबे समय तक सेवा देने वाले कर्मचारियों स्वर्गीय सरदार निरंजन सिंह तथा स्वर्गीय सरदार अमरजीत सिंह की स्मृति में प्रदान किए जाते हैं।
इस पुरस्कार की उल्लेखनीय प्राप्तकर्ताओं में इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग डिप्लोमा (2022–2025 बैच) की छात्रा तनिशा गौतम भी शामिल हैं। वर्तमान में वह गुजरात के साणंद स्थित सीजी सेमी के सेमीकंडक्टर निर्माण संयंत्र में डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी के रूप में कार्यरत हैं और भारत के विकसित हो रहे सेमीकंडक्टर उद्योग में अपनी भूमिका निभा रही हैं। इसी महीने उन्हें भारत में व्यावसायिक स्तर पर निर्मित पहले ‘मेड in India’ सेमीकंडक्टर चिप्स के लॉन्च कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद करने का अवसर भी मिला।
सूरी सेवा फाउंडेशन के निदेशक (ऑपरेशंस) एवं बोर्ड सदस्य कुलविन सूरी ने कहा कि उनकी संस्था टाटा स्टील फाउंडेशन के साथ मिलकर जमशेदपुर के टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट में भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं को प्रेरित करने और तैयार करने पर गर्व महसूस करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार कार्यक्रम इस उद्देश्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि सूरी सेवा फाउंडेशन भविष्य में भी जमशेदपुर में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में समुदाय की सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
टाटा स्टील फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सौरव रॉय ने कहा कि विद्यार्थियों में अकादमिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के लिए सूरी सेवा फाउंडेशन का निरंतर सहयोग सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस साझेदारी ने वर्षों से विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धियों को पहचान दिलाने का कार्य किया है, जिससे अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील फाउंडेशन का मानना है कि प्रतिभा का सम्मान विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानने और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले चार वर्षों में यह साझेदारी और अधिक सफल विद्यार्थियों की नई कहानियां लिखेगी।
टाटा स्टील फाउंडेशन और सूरी सेवा फाउंडेशन के बीच यह नवीनीकृत सहयोग तकनीकी शिक्षा को मजबूत बनाने, कुशल मानव संसाधन तैयार करने तथा युवाओं को उद्योग और समाज के विकास में सार्थक योगदान देने के लिए सशक्त बनाने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

