जमशेदपुर: लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322A रीजन-1 के अंतर्गत लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर स्पर्श, लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर सेंटेनरी और लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर सनशाइन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को सीए डे और नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन बिष्टुपुर स्थित क्वालिटी रेस्टोरेंट में किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा और वित्तीय क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले डॉक्टरों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को सम्मानित किया गया।
समारोह का उद्देश्य समाज के प्रति समर्पित सेवा देने वाले चिकित्सकों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के योगदान को सम्मानित करना तथा उनके कार्यों के प्रति आभार व्यक्त करना था। वक्ताओं ने कहा कि डॉक्टर और चार्टर्ड अकाउंटेंट दोनों ही अपने-अपने क्षेत्र में समाज की प्रगति और व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विवेक चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में लायन मंजू रानी सिंह और नीलाक्षी जायसवाल मौजूद रहीं। मंच संचालन लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर स्पर्श की सचिव लायन एग्नेस बॉयल ने किया।
इस अवसर पर लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर स्पर्श के अध्यक्ष लायन एम. सेनापति, सचिव लायन एग्नेस बॉयल, क्लब प्रशासक लायन पी. पुष्पलता, लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर सेंटेनरी के अध्यक्ष लायन पवन शॉ, सचिव लायन चंचल भाटिया, लायन अमनदीप कौर, लायन पी. बाला मणि, लियो अभिषेक, लियो हिमांशु और लायन मनोज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह में डॉ. मंगेश दुरानी, डॉ. विक्रम मुर्मू, डॉ. आसिफ रहमान, डॉ. शाश्वत कुंडू, डॉ. साजिया अहमद, डॉ. प्रीति पांडेय और डॉ. कल्याण को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स में विवेक चौधरी, अंकित अग्रवाल, योगेश शर्मा और कमल अग्रवाल को सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित अतिथियों, चिकित्सकों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के सम्मान समारोह समाज में सेवा, सहयोग और सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

