Breaking
Wed. Jul 1st, 2026

डीडी बार चाकूबाजी मामले के फरार मुख्य आरोपी पर दो लाख रुपये का इनाम, सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गुप्त

जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के बाहर हुई चाकूबाजी की घटना के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने प्रयास तेज कर दिए हैं। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी की सूचना देने वाले के लिए पुलिस ने दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

पुलिस के अनुसार, सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के धातकीडीह निवासी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा इस मामले का नामजद आरोपी है। उसके खिलाफ बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 84/2026, दिनांक 28 जून 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि आरोपी के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी देने वाले को दो लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के ठिकाने या गतिविधियों की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

आरोपी से संबंधित सूचना पुलिस अधीक्षक नगर के मोबाइल नंबर 9471190203, पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) के मोबाइल नंबर 9431706486, बिष्टुपुर थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर 9431706497 अथवा जमशेदपुर कंट्रोल रूम के फोन नंबर 0657-2431030 और 0657-2431028 पर दी जा सकती है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Related Post