जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित तिलक पुस्तकालय के समक्ष भाजपा जमशेदपुर महानगर महिला मोर्चा के विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुए हंगामे को लेकर भाजपा झारखंड प्रदेश के नगर निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अनिल मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान भाजपा के महिला एवं पुरुष कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा पत्थरों और डंडों से हमला किया गया।
अनिल मोदी ने कहा कि जेएनयू के प्रोफेसर एवं मणिपुर से कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम से जुड़े छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदर्शन किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हुई कथित मारपीट की घटना ने कांग्रेस का असली चेहरा उजागर कर दिया है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक दल को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का संवैधानिक अधिकार है। ऐसे में विरोध की आवाज का जवाब संवाद के बजाय अभद्र व्यवहार और हिंसा से देना लोकतांत्रिक परंपराओं एवं राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
अनिल मोदी ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की बात करने वाली कांग्रेस को इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर कथित हमले की घटना कांग्रेस की कथनी और करनी के अंतर को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस तरह के कथित हमलों से डरने वाले नहीं हैं। महिलाओं के सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर पार्टी आगे भी आवाज उठाती रहेगी। अनिल मोदी ने स्पष्ट किया कि भाजपा महिला हितों की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से जारी रखेगी और महिलाओं के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी।

