Breaking
Sun. Oct 11th, 2026

पारडीह चौक पर खड़े ट्रक में अचेत मिला तमिलनाडु का चालक, मौत से मचा हड़कंप

जमशेदपुर। मानगो के पारडीह चौक के समीप रविवार सुबह एक खड़े ट्रक के अंदर चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान तमिलनाडु निवासी 46 वर्षीय मरियप्पन एम के रूप में हुई है। वह ट्रक संख्या टीएन 52 एसी 5655 का चालक था। घटना की सूचना मिलने पर मानगो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, मरियप्पन शनिवार रात आदित्यपुर में ट्रक पर माल लोड करने के बाद बालिगुमा स्थित अपने कार्यालय के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में पारडीह चौक के पास ट्रक का ब्रेक खराब हो गया। इसके बाद उसने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि रात होने के कारण चालक ट्रक के अंदर ही सो गया था। रविवार सुबह वह वाहन के अंदर अचेत अवस्था में मिला।

कार्यालय के कर्मचारियों ने दी पुलिस को सूचना

चालक के बारे में जानकारी नहीं मिलने पर कार्यालय के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वहां चालक को अचेत अवस्था में देखकर उन्होंने मानगो थाना की पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी।

मरियप्पन तमिलनाडु के राजीव गांधी स्ट्रीट स्थित इंडस्ट्रियल कॉलोनी का निवासी था। परिजनों के जमशेदपुर पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल उसकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Post