Breaking
Mon. Oct 5th, 2026

*वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च की तैयारी तेज, सभी प्रखंडों में होंगी बैठकें*

चाईबासा: लोकतंत्र, मताधिकार और संविधान के मूल्यों की रक्षा के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमिटी, पश्चिमी सिंहभूम की ओर से 7 अक्टूबर को चाईबासा में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकाला जाएगा। मार्च की तैयारी को लेकर कांग्रेस भवन, चाईबासा में जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें प्रकोष्ठ एवं विभागों के अध्यक्ष-चेयरमैन, प्रखंड एवं मंडल अध्यक्षों सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक में 7 अक्टूबर को होने वाले जिला स्तरीय मार्च की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि जिला स्तरीय मार्च से पहले पश्चिमी सिंहभूम के सभी प्रखंडों में तैयारी बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में कार्यकर्ताओं को अभियान के उद्देश्य की जानकारी देने के साथ लोकतंत्र, मताधिकार और संविधान के प्रति लोगों को जागरूक करने की योजना बनाई जाएगी।

जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार की सुरक्षा जरूरी है। प्रत्येक मतदाता को अपने अधिकारों और मतदाता सूची से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च के माध्यम से लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों के प्रति लोगों में जागरूकता लाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव से लेकर शहर तक लोगों के बीच अभियान को पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में सभी प्रखंड एवं मंडल अध्यक्षों तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई।

बैठक में प्रदेश महासचिव सह जिला प्रभारी धर्मेंद्र सोनकर, प्रदेश सचिव सह विधानसभा प्रभारी मायाधर बेहरा, चंद्रशेखर दास, राम सिंह सावैयां, रईस रिजवी छब्बन, संयुक्त सचिव नितिमा बारी, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा, कामगार कांग्रेस अध्यक्ष हसलुद्दीन खान, शिक्षा विभाग चेयरमैन पुरुषोत्तम दास पान, जिप सदस्य जय प्रकाश महतो, पूर्व प्रदेश सचिव अशरफुल होदा, लियोनर्ड बोदरा, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, जय प्रकाश लागुरी, सिकुर गोप, सीता राम गोप, सोनाराम कोड़ाह, मंजीत प्रधान, सुरेश चंद्र सावैयां, ललित दोराईबुरु, सकारी दोंगो, संजय हेम्ब्रम, राहुल पुरती, मंडल अध्यक्ष सोमा पुरती, बिरसा बारजो, गोरा सिंह पुरती, विजय तिग्गा, मोरन सिंह केराई, अशोक मुंडरी, जगन्नाथ बिरुली, आफताब आलम, आशीष बेहरा, मो. शहनवाज, सुशील दास और मो. असलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Post