Breaking
Sat. Oct 3rd, 2026

लापरवाही पर सीतारामडेरा थाना प्रभारी निलंबित, एसएसपी ने बढ़ाई पुलिस अधिकारियों पर सख्ती

जमशेदपुर। शहर में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर जमशेदपुर पुलिस ने थाना स्तर पर जवाबदेही तय करनी शुरू कर दी है। कर्तव्य में लापरवाही और पुलिसिंग में शिथिलता के आरोप में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें पुलिस लाइन में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, लंबित मामलों के निष्पादन और पुलिसिंग को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। विभागीय स्तर पर की गई समीक्षा और जांच के दौरान थाना प्रभारी की कार्यशैली में कई स्तरों पर लापरवाही सामने आने की बात कही गई है। कर्तव्य के प्रति उदासीनता के साथ अनुशासनहीनता और वरीय अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में शिथिलता को भी कार्रवाई का आधार बताया जा रहा है।

एसएसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि थाना स्तर पर कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में लापरवाही को अब नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखने, लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने और आम लोगों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

सीतारामडेरा थाना प्रभारी के निलंबन के बाद अब नए प्रभारी की पदस्थापना की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी है। वहीं, इससे पहले बिरसानगर थाना प्रभारी को भी निलंबित किया जा चुका है। हालांकि बिरसानगर थाना प्रभारी के खिलाफ हुई कार्रवाई के विस्तृत कारण अभी तक सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं किए गए हैं और काम में लापरवाही की बात ही सामने आई है।

इधर, शहर के गोलमुरी और बिष्टुपुर थाना क्षेत्रों में हाल की आपराधिक घटनाओं को लेकर भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। गोलमुरी थाना क्षेत्र में केनरा बैंक डकैती के दौरान बदमाशों के लंबे समय तक बैंक के अंदर रहने और वारदात के बाद आसानी से फरार होने को लेकर पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। इसी अवधि में क्षेत्र में आभूषण दुकान में चोरी की घटना ने भी पुलिस के सामने चुनौती बढ़ाई है। हालांकि इन मामलों में जांच जारी है और किसी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। बैंक डकैती मामले के अनुसंधान और उसके खुलासे के बाद पुलिस विभाग आगे क्या कदम उठाता है, इस पर भी नजर बनी हुई है।

Related Post