Breaking
Sun. Sep 27th, 2026

जूनियर तैराकी में छह पदक जीतने वाले हिमांक कुमार का सम्मान

जमशेदपुर। झारखंड जूनियर तैराकी प्रतियोगिता 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल समेत कुल छह पदक जीतने वाले प्रेमनगर निवासी हिमांक कुमार को रविवार को बदलाव संस्था की ओर से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में संस्था के संरक्षक आनंद बिहारी दूबे ने हिमांक को सम्मानित करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

हिमांक कुमार, प्रेमनगर निवासी संतोष कुमार शर्मा के पुत्र हैं। उन्होंने जूनियर वर्ग की विभिन्न तैराकी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए छह पदक अपने नाम किए हैं, जिसमें गोल्ड मेडल भी शामिल है। हिमांक राष्ट्रीय स्तर की तैराकी प्रतियोगिता में भी हिस्सा ले चुके हैं। लगातार बेहतर प्रदर्शन के साथ उन्होंने तैराकी के क्षेत्र में अपनी पहचान बनानी शुरू की है।

हिमांक के पिता संतोष कुमार ने बताया कि उनका बेटा बचपन से ही तैराकी के प्रति पूरी तरह समर्पित रहा है। नियमित अभ्यास और मेहनत के बल पर उसने विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल की है। हिमांक अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने को अपना अगला लक्ष्य बनाकर तैयारी कर रहा है।

सम्मान समारोह में नरेंद्र कुमार, एसपी सिंह, सतीश कुमार, राजेश कुमार, प्रवीण, अजय समेत बड़ी संख्या में बस्तीवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संजय कुमार ने किया। संस्था की ओर से हिमांक की उपलब्धि की सराहना करते हुए उसे आगे भी निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।

Related Post