चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वाधान में द्वितीय रुंगटा सीमेंट इंटरनेशनल ओपन फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन 30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक खिरवाल बैंक्विट हॉल में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता के संदर्भ में सीताराम रुंगटा रीक्रिएशन हॉल, टाउन क्लब में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता का नेतृत्व करते हुए संघ के महासचिव बसंत खंडेलवाल ने बताया कि अब तक कुल 390 खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में अपना पंजीकरण कराया है, जिनमें 254 अंतरराष्ट्रीय वरीयता प्राप्त खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता में दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय मास्टर आराध्या गर्ग (2430 फीडे रेटिंग) शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं। इसमें देश के 13 राज्यों के अलावा नेपाल के खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया है।
समावेशी भागीदारी के तहत प्रतियोगिता में 3 नेत्रहीन और 1 दिव्यांग खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं।
यह 9 चक्रों (राउंड्स) की प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय आर्बिटर विशाल मिंज और उनकी 14 सदस्यीय आर्बिटर टीम की देखरेख में संपन्न होगी। इस वर्ष कुल इनामी राशि 6,00,000 रुपये रखी गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में दोगुनी है।
प्रतियोगिता में कुल 50 नकद पुरस्कार दिए जाएंगे, जिसमें प्रथम पुरस्कार 1,00,000 रुपये एवं ट्रॉफी, द्वितीय पुरस्कार 60,000 रुपये एवं ट्रॉफी और तृतीय पुरस्कार 40,000 रुपये एवं ट्रॉफी शामिल है। इसके अलावा विभिन्न आयु वर्ग (एज ग्रुप) के खिलाड़ियों के लिए ट्रॉफी की व्यवस्था की गई है। पिछले वर्ष इस आयोजन में 345 खिलाड़ियों ने भाग लिया था।
प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 30 सितंबर को सुबह 11:00 बजे होगा। संघ की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के ठहरने का प्रबंध राजस्थान भवन, रुंगटा मैरिज हाउस, खिरवाल धर्मशाला और विभिन्न होटलों में किया गया है।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष जहांगीर आलम, जयदेव चंद्र त्रिपाठी, संयुक्त सचिव अनंत लाल विश्वकर्मा, सुब्रत चंद्र त्रिपाठी, अर्पित खिरवाल, मनीष शर्मा, हर्ष शर्मा, सूरज तियू, ज्वेल गागराई, ईशान चौबे, समीर पूर्ति, कन्हैया पाण्डेय और देवेन्द्र पाण्डेय उपस्थित रहे।

