लोहरदगा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोहरदगा पुलिस ने रविवार की रात मैना बगीचा चटपटी चौक के समीप कार्रवाई करते हुए दो युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दोनों युवक बंद पड़ी दुकान के पास संदिग्ध स्थिति में मौजूद थे और ब्राउन शुगर की बिक्री तथा सेवन के लिए वहां जमा हुए थे। तलाशी के दौरान दोनों के पास से पॉलीथीन समेत कुल 18.35 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक 20 सितंबर की रात करीब 8.30 बजे सूचना मिली थी कि मैना बगीचा चटपटी चौक के पास दो युवक ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। अंचलाधिकारी सदर अंचल, लोहरदगा की मौजूदगी में टीम ने सूचना का सत्यापन करते हुए मौके पर छापेमारी की। बंद पड़ी दुकान के पास दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में देखकर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए युवकों की पहचान आर्यन भगत उर्फ आर्यनदेव भगत (22), निवासी नदिया, शनि मंदिर के पीछे, लोहरदगा और उतम उरांव (22), निवासी घाघरा बस्ती, थाना घाघरा, जिला गुमला, वर्तमान पता नदिया इंडिया गेट के पास ससुराल, लोहरदगा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आर्यन भगत के पास से पॉलीथीन समेत 10.24 ग्राम तथा उतम उरांव के पास से पॉलीथीन समेत 8.11 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में लोहरदगा थाना कांड संख्या 131/26, दिनांक 20 सितंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 21(बी), 22(बी) और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक रत्नेश मोहन ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक आदर्श कुमार, अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक प्रदीप कच्छप, आरक्षी पियूष टोप्पो, आरक्षी नरेश महली सहित तकनीकी शाखा की टीम और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

