चाईबासा: सदर प्रखंड अंतर्गत डोमारडीहा में बुधवार को स्वास्थ्य उपकेंद्र अस्पताल के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। शिलान्यास समारोह में जिला परिषद सदस्य लालमुनी पुरती, मुखिया विजय सिंह देवगम और मुंडा लखींद्र देवगम ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण किया और नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
इस अवसर पर लालमुनी पुरती ने कहा कि स्वास्थ्य उपकेंद्र के निर्माण से डोमारडीहा और आसपास के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा गांव में ही उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि उपकेंद्र के शुरू होने के बाद गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सामान्य इलाज के लिए चाईबासा जाने की जरूरत कम होगी। ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा मिलने से समय और आने-जाने की परेशानी भी कम होगी।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने स्वास्थ्य उपकेंद्र के निर्माण को ग्रामीण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास कार्यक्रम में वार्ड सदस्य लखींद्र देवगम, एएनएम पुष्पा देवगम, एएनएम अनुकम्पा कुन्तीया, सहिया मुक्ता देवगम, आंगनबाड़ी सेविका चारूवाला देवगम, रोशन लियांगी, खुरपा देवगम, अंगूर देवगन, ढोबोरो देवगन, मोटाई देवगन, बरमा देवगन, सरस्वती कुदादा, सरिता कुदादा, सेविका सुमित्रा पूर्ति, मालीबा कुई, मंगली कुई, जयंती देवगन, दमयंती लियांगी सहित आवेदक पप्पू निषाद मौजूद रहे।
समारोह में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण भी शामिल हुए। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य उपकेंद्र के निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई और उम्मीद की कि निर्माण कार्य निर्धारित समय पर पूरा होने के बाद उन्हें स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

