चाईबासा: उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने बुधवार को मझगांव प्रखंड की विभिन्न पंचायतों का दौरा कर विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने मझगांव, सोनपोसी, धोबाधोबीन और तरतरिया पंचायत में संचालित और निर्माणाधीन योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान संबंधित अधिकारियों, अभियंताओं, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से भी बातचीत की गई।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी सविता टोपनो, प्रखंड विकास पदाधिकारी मझगांव विजय रंजन तिर्की, अंचल अधिकारी विजय हेमराज खालखो, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता ग्रामीण कार्य विशेष प्रमंडल चाईबासा, सहायक अभियंता लघु सिंचाई प्रमंडल, सहायक परियोजना पदाधिकारी जिला परिषद, जिला समन्वयक आवास योजना सहित संबंधित विभागों के कनीय अभियंता और क्रियान्वयन एजेंसी के कर्मी मौजूद रहे।
उप विकास आयुक्त ने मझगांव प्रखंड में जिला परिषद से प्रस्तावित बस स्टैंड के लिए चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला परिषद सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से संवाद कर बस स्टैंड से होने वाले संभावित राजस्व आय सहित अन्य पहलुओं पर चर्चा की गई। प्रस्तावित बस स्टैंड के समीप मार्केट कॉम्प्लेक्स और डाक बंगला के स्थल का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित जिला परिषद कर्मियों और अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न पंचायतों में मनरेगा के तहत संचालित योजनाओं के सोशल ऑडिट की भी समीक्षा की गई। विकसित भारत जी राम राम के तहत बिरसा हरित ग्राम योजना और ग्रामीण विकास विभाग की अबुआ आवास योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों की स्थिति देखी गई। उप विकास आयुक्त ने आवास निर्माण में तेजी लाने के लिए लाभुकों को प्रोत्साहित किया।
पंचायत भवनों में 15वें वित्त आयोग मद से कराए जा रहे सुदृढ़ीकरण कार्य, स्वीकृत योजनाओं और खर्च की स्थिति की भी जानकारी ली गई। उन्होंने सभी निर्माणाधीन और स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
सोनपोसी पंचायत में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का भी भौतिक निरीक्षण किया गया। उप विकास आयुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय रंजन तिर्की को आवश्यकता के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्र के सुदृढ़ीकरण का कार्य कराने का निर्देश दिया।
तरतरिया पंचायत में डीएमएफटी मद से उच्च विद्यालय तरतरिया में निर्माणाधीन छह कमरों के भवन और चाहरदीवारी निर्माण का निरीक्षण किया गया। इसके बाद सोनपोसी पंचायत स्थित बेलमा डैम में पर्यटन स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए अनाबद्ध निधि से कराए जा रहे कार्यों का जायजा लिया गया। उन्होंने कार्यकारी एजेंसी के अभियंताओं को समयबद्ध तरीके से कार्य में प्रगति लाने का निर्देश दिया।

