जमशेदपुर। सोनारी ईस्ट लेआउट बटतल्ला स्थित सोनारी सार्वजनीन दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से सोमवार को विधिवत भूमि पूजन के साथ दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण की शुरुआत की गई। भूमि पूजन के अवसर पर भारत सेवाश्रम संघ के स्वामी सुभ्रानन्दजी महाराज एवं पीजुषानन्दजी महाराज ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पंडाल निर्माण की नींव रखी।
इस वर्ष पूजा कमेटी की ओर से भव्य काल्पनिक मंदिर के स्वरूप में पूजा पंडाल तैयार कराया जा रहा है। समिति के संयुक्त सचिव स्वपन मुखर्जी ने बताया कि प्रस्तावित पंडाल की ऊंचाई करीब 40 फीट और चौड़ाई 60 फीट होगी। पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए विशेष सजावट की जा रही है, जिससे दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
पूजा का मुख्य आकर्षण मां दुर्गा की 18 फीट ऊंची प्रतिमा होगी। समिति के संयुक्त कोषाध्यक्ष अभिजीत सेनगुप्ता ने बताया कि प्रतिमा का निर्माण कोलकाता के प्रसिद्ध मूर्तिकार प्रशांत पाल द्वारा किया जा रहा है। प्रशांत पाल को विभिन्न मूर्ति निर्माण के लिए सरकारी पुरस्कार भी मिल चुके हैं। प्रतिमा पांच अक्टूबर को कोलकाता से जमशेदपुर के लिए रवाना होगी और देर रात सड़क मार्ग से सोनारी पहुंचेगी।
संयुक्त सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष पूजा में मेदिनीपुर से विशेष रूप से ढाकी बुलाए जा रहे हैं। पूजा के दौरान लगातार तीन दिनों तक श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की जाएगी। पूजा पंडाल का उद्घाटन पंचमी के दिन भारत सेवाश्रम संघ के सचिव मुक्तात्मानन्द जी महाराज एवं मुरारी गोयल संयुक्त रूप से करेंगे।
पूजा कमेटी में चेयरमैन एसके बेहेरा (आरएसबी), अध्यक्ष मुरारी गोयल, कार्यकारी अध्यक्ष स्वपन गांगुली एवं शंकर सरकार, संयुक्त सचिव स्वपन मुखर्जी एवं संजय कुमार सिंह तथा संयुक्त कोषाध्यक्ष अभिजीत सेनगुप्ता एवं बिद्युत गुहा शामिल हैं।

