Breaking
Sun. Sep 13th, 2026

देवघर में चार साइबर अपराधी गिरफ्तार, फर्जी कस्टमर केयर बनकर करते थे ठगी

देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच साइबर थाना की टीम ने चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के आदेश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 12 सितंबर को करौं थाना क्षेत्र के अंबा-टीला जंगल में छापेमारी कर यह कार्रवाई की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जंगल में कुछ लोग फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर आम लोगों को साइबर ठगी का शिकार बना रहे हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के केंदुआटांड़ निवासी कन्हैया कुमार दास (18) और समीर कुमार दास (19), करौं थाना क्षेत्र के जागाडीह निवासी रूपलाल कुमार पोद्दार (29) तथा मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के दुधानी निवासी मो. सलीम अंसारी (26) के रूप में हुई है। छापेमारी के दौरान इनके पास से नौ मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। मोबाइल और सिम की प्रारंभिक जांच में इनके साइबर ठगी से जुड़े होने के साक्ष्य मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी गूगल पे, फोनपे और एयरटेल पेमेंट बैंक कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक या सहायता का झांसा देते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करने और उसके बाद ठगी करने का तरीका भी अपनाते थे। आरोपी एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड बंद होने का झांसा देकर एयरटेल थैंक्स एप के माध्यम से कार्ड दोबारा चालू कराने के नाम पर भी लोगों से ठगी करते थे।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रूपलाल कुमार पोद्दार का पूर्व में भी साइबर थाना देवघर कांड संख्या 152/2017 में आपराधिक इतिहास रहा है। छापेमारी में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक नागेंद्र कुमार सिन्हा, करौं थाना के पुलिस अवर निरीक्षक सह थाना प्रभारी दीपक कुमार भारती तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Post