Breaking
Sat. Sep 12th, 2026

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव : मानव घोष

चाईबासा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देश पर मेरा युवा भारत, पश्चिमी सिंहभूम की ओर से शनिवार को महिला कॉलेज, चाईबासा में ‘नशा मुक्त युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को मजबूत करना था।

कार्यक्रम में युवा आइकन मानव घोष मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। महिला कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य विकास मिश्रा, बीएड विभागाध्यक्ष मुबारक करीम हाशमी, डॉ. राजीव लोचन नमता, मदन मोहन मिश्रा, जिला युवा अधिकारी अभिषेक आनंद, मेरा भारत की टीम, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अर्पित सुमन टोप्पो तथा मनीषा बिरुआ सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद जिला युवा अधिकारी अभिषेक आनंद ने मेरा भारत तथा विकसित भारत युवा नेता संवाद 2027 के संबंध में करीब 25 से 30 मिनट की जानकारीपूर्ण प्रस्तुति दी। उन्होंने युवाओं को सरकार की युवा केंद्रित गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी के अवसरों से अवगत कराया।

कार्यक्रम के प्रमुख सत्र में युवा आइकन मानव घोष ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति युवाओं को सचेत करते हुए स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों और समाज के अन्य लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और जिम्मेदार युवा ही देश के विकास में प्रभावी योगदान दे सकते हैं।

इस दौरान नशीले पदार्थों के सेवन के दुष्प्रभावों पर आधारित जागरूकता वीडियो भी दिखाया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्त भारत शपथ’ लेकर नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। आभार ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Post