जमशेदपुर। आजादनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 3.680 किलोग्राम गांजा की 1,299 पुड़िया, 6,590 रुपये नकद, एक कीपैड मोबाइल, गांजा बिक्री की रकम प्राप्त करने के लिए दो क्यूआर कोड तथा पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक सामग्री समेत अन्य सामान बरामद किया है। शुक्रवार को सीटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कांफ्रेंस में कार्रवाई की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम डॉ. ऐहतेशाम वकारिब को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। टीम ने 10 सितंबर को आजादनगर थाना क्षेत्र के वारिश कॉलोनी, बेहरा बगान रोड नंबर-4 स्थित एक मकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान बिनीता तिर्की के घर से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, मकान का इस्तेमाल गांजा को छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक करने और उसकी बिक्री से जुड़ी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
मौके से बिनीता तिर्की, उम्र 59 वर्ष, निवासी वारिश कॉलोनी रोड नंबर-4, बेहरा बगान और उसके सहयोगी अब्दुल शकील, उम्र 69 वर्ष, निवासी ग्रीन वेली रोड नंबर-17, हुसैनी मोहल्ला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की पूछताछ में अब्दुल शकील ने गांजा बुंडू, रांची निवासी धोनी नामक व्यक्ति से मिलने की बात बताई। पुलिस के अनुसार बिनीता और अब्दुल शकील गांजा को आजादनगर, कपाली और मानगो के आसपास के इलाकों में बेचते थे। हालांकि धोनी की संलिप्तता की पुलिस अभी जांच कर रही है।
आजादनगर थाना में कांड संख्या 73/26, दिनांक 10 सितंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी)/29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजा दिया गया। छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक पटमदा दयानंद कुमार, आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार, महिला पुलिस अवर निरीक्षक कविता तथा पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार राय, दीपक कुमार ठाकुर, पवन कुमार और जफर अंसारी समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

