चाईबासा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के मार्गदर्शन में शुक्रवार को व्यवहार न्यायालय परिसर के प्रतीक्षा कक्ष में एक दिवसीय रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 43 यूनिट रक्त का संग्रह हुआ।
उपायुक्त मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जिले में माह में दो बार नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान और सदर अस्पताल चाईबासा के सहयोग से यह शिविर लगाया गया।
शिविर में कई लोगों ने पहली बार रक्तदान कर दूसरों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया। जिला बार संघ का भी शिविर में सहयोग रहा। कई अधिवक्ताओं ने रक्तदान कर अपनी भागीदारी निभाई। न्यायालय के कर्मचारियों ने भी रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी और सिविल जज पूजा पांडे ने भी रक्तदान किया और अन्य रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान सभी न्यायिक पदाधिकारी, सदर अस्पताल के उप सिविल सर्जन डॉ. शिवचरण हांसदा, न्यायालय कर्मी और अधिकार मित्र उपस्थित रहे।
शिविर की जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने दी।

