आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित आरआईटी थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम हुए वज्रपात की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना वार्ड संख्या 35 के कुलुपटांगा लोअर साइड फुटबॉल मैदान के समीप हुई। मृतका की पहचान कुलुपटांगा बस्ती निवासी सुनील लोहार की पुत्री मुस्कान लोहार के रूप में हुई है।
बताया गया कि मंगलवार शाम करीब पांच बजे अचानक मौसम में बदलाव आया और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान मैदान के पास मौजूद मुस्कान पर आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही वार्ड 35 के पार्षद प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता बिट्टू पाड़िया मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से मुस्कान को तत्काल जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया। वहां इमरजेंसी विभाग में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवती की मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। सूचना मिलने पर आरआईटी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

