Breaking
Mon. Sep 7th, 2026

पहाड़भांगा नदी में डूबे टेल्को के राजू सिंह का शव 24 घंटे बाद बरामद

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र स्थित पहाड़भांगा नदी में रविवार को नहाने के दौरान डूबे टेल्को आजाद बस्ती निवासी 20 वर्षीय राजू सिंह का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया। करीब 24 घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद दोपहर लगभग तीन बजे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। शव मिलने की सूचना के बाद घटनास्थल पर मौजूद परिजनों और दोस्तों में मातम छा गया।

बताया गया कि राजू सिंह रविवार को अपने दोस्तों मुकेश सिंह, प्रमोद कुमार, राजेश कुमार, संजीव कुमार और बिरेंद्र सिंह के साथ पहाड़भांगा पिकनिक मनाने पहुंचा था। दोपहर करीब तीन बजे पिकनिक के दौरान राजू अपने दोस्तों मुकेश और राजेश के साथ नदी में नहाने उतरा था। नहाने के दौरान राजू नदी के गहरे हिस्से में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। उसे बचाने की कोशिश में मुकेश भी गहरे पानी में फंस गया था, लेकिन वह किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा।

घटना की जानकारी मिलने पर पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से राजू की तलाश शुरू कराई। रविवार देर शाम तक खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा और राजू का पता नहीं चल सका।

सोमवार सुबह दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया गया। करीब 24 घंटे की लगातार खोजबीन के बाद दोपहर लगभग तीन बजे राजू का शव नदी से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद राजू के परिवार में शोक का माहौल है।

Related Post