Breaking
Sun. Sep 6th, 2026

साकची में ट्रैफिक जांच के दौरान हंगामा, बाइक सवारों और पुलिसकर्मी में मारपीट

जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के आमबगान रोड स्थित शॉपर स्क्वायर के पास रविवार की सुबह करीब 11:30 बजे यातायात जांच के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब बाइक सवार दो युवकों को रोकने के क्रम में वे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और यातायात पुलिस की कार्रवाई को लेकर विरोध शुरू हो गया। इस दौरान बाइक सवारों और यातायात पुलिसकर्मी के बीच कहासुनी के बाद मारपीट भी हुई।

जानकारी के अनुसार, आमबगान रोड पर यातायात पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिसकर्मी के अचानक सामने आने के बाद बाइक सवार अपना संतुलन खो बैठे और दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में दोनों को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

घटना के बाद बाइक सवार युवक ने यातायात पुलिस पर सड़क किनारे छिपकर जांच करने का आरोप लगाया। उसका कहना था कि अचानक सामने आकर वाहनों को रोकने की कोशिश किए जाने से वाहन चालकों को संभलने का पर्याप्त मौका नहीं मिलता और हादसे की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इस आरोप के बाद वहां मौजूद लोगों ने भी पुलिस की जांच की प्रक्रिया पर सवाल उठाए।

वहीं, यातायात पुलिस के जवान हरे किशन यादव ने बाइक सवारों पर उनके साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि विवाद के दौरान उन्हें चोट लगी है और हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक विवाद चलता रहा और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

हंगामे के दौरान स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों के बीच भी धक्का-मुक्की होने की बात सामने आई है। बाद में स्थिति को नियंत्रित किया गया और यातायात व्यवस्था सामान्य हुई। घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं।

इस घटना के बाद साकची में यातायात जांच के तरीके को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। बाइक सवारों का आरोप है कि अचानक रोकने के प्रयास के कारण हादसा हुआ, जबकि पुलिसकर्मी ने अपने साथ दुर्व्यवहार किए जाने की बात कही है। फिलहाल घटना की वास्तविक वजह और विवाद की पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Related Post