Breaking
Sun. Sep 6th, 2026

*तांतनगर में चार दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन, रिमील एफसी बनी विजेता*

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के नवयुवक संघ तांतनगर के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का रविवार को उत्साह और खेल भावना के माहौल में भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले के बाद विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रिमील एफसी ने प्रथम स्थान हासिल किया और एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि अपने नाम की।

समापन समारोह में चंपई सोरेन के प्रतिनिधि रानी बांदिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुईं। उन्होंने प्रथम पुरस्कार विजेता रिमील एफसी की टीम को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं गोनो एफसी ने प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि टारगेट एफसी की टीम तृतीय स्थान पर रही। तीनों टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

समारोह को संबोधित करते हुए रानी बांदिया ने कहा कि फुटबॉल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग की सीख देने वाला खेल है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। खेल के माध्यम से युवा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकते हैं और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार ऐसे आयोजन किए जाने चाहिए।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक परमानंद गोप एवं मित्तरसेन सिंघी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने उनके सामाजिक एवं शैक्षणिक योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता परमेश्वर गोप ने की। मौके पर भाजपा तांतनगर प्रखंड अध्यक्ष योगेश सवाइयाँ, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष हेमराम, प्रतियोगिता आयोजन समिति के सदस्य, ग्रामीण क्षेत्र के मुखिया, संरक्षकगण तथा बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के समापन पर आयोजन समिति ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों एवं खेलप्रेमियों के प्रति आभार जताया। आयोजकों ने कहा कि खेल युवाओं को जोड़ने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का प्रभावी माध्यम है।

Related Post