चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा से बड़बिल जा रहा एक लाइन ट्रक शनिवार शाम करीब चार बजे कांडेनाला के समीप सड़क किनारे गड्ढे में जाकर झाड़ियों में घुस गया। ट्रक का वाहन संख्या जेएच 05 डीके 6188 बताई गई है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक काफी तेज गति से जा रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा और झाड़ियों के पास जाकर रुक गया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन की स्टीयरिंग पकड़े हुए ही सो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को जगाने और वाहन से बाहर निकालने का प्रयास किया। बताया गया कि चालक नशे की हालत में था और काफी प्रयास के बाद भी वह वाहन से बाहर नहीं आया। खबर लिखे जाने तक चालक ट्रक में ही पड़ा हुआ था।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना बड़बिल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस द्वारा चालक की स्थिति और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता बताई।

