चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध बालू परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शनिवार सुबह एनएच-320डी पर बेगुना के समीप से बालू लदी ट्रैक्टर की ट्रॉली जब्त की। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही चालक ट्रैक्टर का इंजन लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि बालू से भरी ट्रॉली सड़क किनारे छूट गई।
पुलिस ने ट्रॉली को कब्जे में लेकर सोनुआ थाना परिसर में सुरक्षित रखवा दिया है। मामले की जानकारी जिला खनन विभाग को दे दी गई है। अब खनन विभाग द्वारा जब्त बालू और ट्रॉली से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बालू कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
स्थानीय स्तर पर लगातार यह शिकायत सामने आती रही है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के प्रावधान लागू होने और प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद गुदड़ी तथा गोइलकेरा क्षेत्र में कारो नदी के आसपास अवैध बालू घाटों से बालू का उठाव जारी है। आरोप है कि इन क्षेत्रों से अवैध रूप से बालू निकालकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से सोनुआ, चक्रधरपुर और कराईकेला की ओर भेजा जाता है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस और खनन विभाग अब जब्त ट्रॉली के मालिक तथा चालक की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

