Breaking
Wed. Sep 2nd, 2026

बिजली के झुके तार की चपेट में आए दो बैल, मौके पर हुई मौत, पशुपालक ने मांगा एक लाख मुआवजा

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नरवा पहाड़ के मुर्गाघुटू गांव में बुधवार सुबह बिजली के झुके तार की चपेट में आने से दो बैलों की मौत हो गई। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। दोनों बैलों की मौत के बाद पशुपालक मोसो बास्के को आर्थिक नुकसान हुआ है।

बताया गया कि मोसो बास्के के दोनों बैल रोज की तरह खेत में चरने के लिए गए थे। इसी दौरान खेत के समीप से गुजर रहा बिजली का तार काफी नीचे और झुका हुआ था। चरते समय दोनों बैल बिजली के तार के संपर्क में आ गए और करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। पशुपालक मोसो बास्के ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि बिजली का तार सही तरीके से लगाया गया होता तो यह हादसा नहीं होता। उन्होंने जादूगोड़ा बिजली विभाग से दोनों बैलों की मौत के एवज में एक लाख रुपये की क्षतिपूर्ति देने की मांग की है।

मोसो बास्के ने कहा कि यदि बिजली विभाग द्वारा उचित मुआवजा नहीं दिया गया तो वे विभाग की कथित लापरवाही के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को मजबूर होंगे। घटना के बाद ग्रामीणों ने भी बिजली के झुके और जर्जर तारों की जांच कर उन्हें दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटना दोबारा न हो।

Related Post