Breaking
Wed. Sep 2nd, 2026

विहंगम योग संत समाज का 103वां वार्षिकोत्सव दिसंबर में, वाराणसी में होगा 25 हजार कुंडीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ

जमशेदपुर। विहंगम योग संत समाज की ओर से इस वर्ष स्थापना का 103वां वार्षिकोत्सव भव्य आध्यात्मिक आयोजन के रूप में मनाया जाएगा। वाराणसी स्थित स्वर्वेद महामंदिर परिसर में 14 और 15 दिसंबर को समर्पण दीप अध्यात्म महोत्सव के तहत 25 हजार कुंडीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी बुधवार को बिष्टुपुर स्थित सीएच एरिया के स्थानीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में संस्था के पदाधिकारियों ने दी।

पदाधिकारियों ने बताया कि विहंगम योग संत समाज की स्थापना महर्षि सद्गुरु सदाफल देव जी महाराज ने वर्ष 1924 में की थी। स्थापना के बाद से प्रत्येक वर्ष वार्षिकोत्सव का आयोजन किया जाता रहा है। इस वर्ष होने वाला आयोजन विशेष महत्व रखता है और इसे व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी चल रही है।

महोत्सव के संदेश को देशभर में जन जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विहंगम योग की चौथी पीढ़ी के सद्गुरु उत्तराधिकारी संत प्रवर विज्ञान देव जी महाराज कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत भ्रमण कर रहे हैं। उनकी यह यात्रा जुलाई से शुरू होकर अक्टूबर तक चलेगी। इसी क्रम में बुधवार को संत प्रवर का काफिला गढ़वा पहुंचा। इसके बाद डाल्टनगंज और लातेहार होते हुए 4 सितंबर को गुमला पहुंचेगा।

गुमला में 4 सितंबर की शाम 6 बजे नरभे राम हंसराज स्कूल ऑडिटोरियम में संत प्रवर विज्ञान देव जी महाराज का कार्यक्रम निर्धारित है। इस दौरान वे समर्पण दीप अध्यात्म महोत्सव और स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालेंगे तथा अपनी आध्यात्मिक वाणी से श्रद्धालुओं और अध्यात्म प्रेमियों को संबोधित करेंगे।

इसके बाद संत प्रवर का कार्यक्रम रांची, रामगढ़, बोकारो और हजारीबाग समेत झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में जारी रहेगा। राज्य में उनका प्रवास 13 सितंबर तक निर्धारित है। जमशेदपुर स्थित नरवेराम स्कूल ऑडिटोरियम में भी कोल्हान के तीनों जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां के विहंगम योग परिवार की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

प्रेस वार्ता में कार्यक्रम के प्रभारी एवं संयोजक सरायकेला खरसावां शंभू पंडित, पूर्वी सिंहभूम के संयोजक विजेंद्र उपाध्याय, युवा संघ समाज कोल्हान के प्रभारी रवि सिंह, नीरज मिश्रा, महावीर कुमार, राम विनोद गुप्ता, मीडिया प्रभारी नागेन्द्र शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Related Post