Breaking
Tue. Sep 1st, 2026

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने मंगलवार को मतदाता सूची से संबंधित कार्यों के तहत नोटिस प्राप्त मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न मामलों में पाई जा रही विसंगतियों के नियमानुसार निराकरण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त चाईबासा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 98, मारवाड़ी हिंदी मध्य विद्यालय पहुंचे। यहां नोटिस प्राप्त मतदाताओं के लिए आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम का जायजा लिया और मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया को देखा।

मनीष कुमार ने पहचान एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का संबंधित अभिलेखों और उपलब्ध विवरणों से किए जा रहे मिलान की जानकारी ली। उन्होंने दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान सामने आने वाली विसंगतियों के निराकरण और मामलों के नियमानुसार निष्पादन की प्रक्रिया के बारे में भी संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

उपायुक्त ने अधिकारियों और निर्वाचन कर्मियों को निर्देश दिया कि नोटिस प्राप्त मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत सभी दस्तावेजों का गंभीरता से और नियमानुसार परीक्षण किया जाए। सत्यापन के दौरान किसी भी प्रकार की विसंगति मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसका निराकरण किया जाए। प्रत्येक मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ जनसुनवाई में पहुंचने वाले मतदाताओं को आवश्यक सहयोग और सही जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।

जनसुनवाई कार्यक्रम के निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने चाईबासा शहरी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित सत्यापन कार्य के तहत विभिन्न मकानों पर लगाए गए स्टीकरों का भी अवलोकन किया और निर्वाचन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है। सभी पदाधिकारी और निर्वाचन कर्मी आपसी समन्वय के साथ दस्तावेजों की जांच, मतदाता सत्यापन और अन्य निर्वाचन कार्यों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप समय पर पूरा करें।

निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग, चाईबासा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, मतदान केंद्र के बीएलए-2 त्रिशाणु राय, बीएलओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी और निर्वाचन कर्मी मौजूद रहे।

Related Post