Breaking
Wed. Aug 26th, 2026

*विधायक के यहां काम करने वाले रसोइये की संदिग्ध मौत, विधायक समेत नौ पर हत्या की प्राथमिकी*

*रांची :* हंसडीहा थाना क्षेत्र के नौनीहाट स्थित डाक बंगला परिसर में जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर के यहां रसोइये के रूप में काम करने वाले 30 वर्षीय सोनू राउत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। मामले में मृतक के परिजनों के लिखित आवेदन पर विधायक देवेंद्र कुंवर, उनके दामाद समेत नौ लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है। मृतक के चाचा सुनील राउत के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोनू देवघर जिले का रहने वाला था। एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है।

मृतक की पत्नी शिल्पी कुमारी ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बताया कि सोनू पिछले छह महीने से विधायक के यहां रहकर खाना बनाने का काम कर रहा था। सोमवार की देर शाम काम पर रखने वाले व्यक्ति ने फोन कर बताया कि सोनू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर सोनू के चाचा सुनील राउत और मां मुन्नी देवी विधायक के आवास पहुंचे। वहां सोनू का शव पंखे से लटका हुआ मिला। पत्नी ने दावा किया कि सोनू के शरीर से खून भी बह रहा था।

शिल्पी कुमारी ने विधायक और उनके परिवार के सदस्यों पर सोनू की हत्या कर शव को पंखे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। चाचा सुनील राउत ने भी भतीजे की हत्या की आशंका जतायी है। उन्होंने बताया कि सोनू करीब छह दिन पहले ही छुट्टी से वापस काम पर लौटा था।

*विधायक दामाद के साथ बाहर*

पुलिस के अनुसार, विधायक देवेंद्र कुंवर अपने दामाद के साथ पिछले कुछ दिनों से बाहर हैं। घर के अन्य सदस्यों ने भी घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि युवक की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई।

*बेटे की मौत के सदमे में पिता ने खाया कीटनाशक*

इधर, सोमवार रात बेटे सोनू की मौत की खबर मिलने के बाद उसके पिता अनिल राउत ने सदमे में घर में कीटनाशक खा लिया। गंभीर हालत में उन्हें देवघर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बतायी जा रही है।

Related Post