जमशेदपुर, 24 अगस्त। जमशेदपुर थोक वस्त्र विक्रेता संघ के संरक्षक एवं अखिल भारतीय बरनवाल समाज के आधार स्तंभ रहे जुगसलाई निवासी समाजसेवी जगदेव प्रसाद बरनवाल का सोमवार को 94 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से सामाजिक, व्यापारिक जगत और परिचितों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को पार्वती घाट पर पूरे सम्मान के साथ किया गया। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
जगदेव प्रसाद बरनवाल के निधन की सूचना मिलने के बाद जमशेदपुर थोक वस्त्र विक्रेता संघ के अध्यक्ष अनिल मोदी संघ के सदस्यों के साथ उनके जुगसलाई स्थित आवास पहुंचे। उन्होंने स्वर्गीय बरनवाल के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर अनिल मोदी ने कहा कि जगदेव बाबू सच्चे अर्थों में कर्मयोगी थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन व्यवसाय, समाज और संगठन के हित में समर्पित भाव से लगाया। उम्र के अंतिम पड़ाव तक वे सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे। उनका अनुभव और मार्गदर्शन सभी के लिए अमूल्य था।
अनिल मोदी ने कहा कि जगदेव प्रसाद बरनवाल के निधन से जमशेदपुर थोक वस्त्र विक्रेता संघ ने एक अभिभावक और मार्गदर्शक खो दिया है। उनका योगदान लंबे समय तक समाज और व्यापारिक जगत को प्रेरणा देता रहेगा।
श्रद्धांजलि देने वालों में संघ के पूर्व अध्यक्ष कमल जैन, कैलाश सरायवाला, विमल जालान, महेंद्र जैन, कमल लड्ढा, दीन दयाल अग्रवाल, राजेंद्र मस्कारा, प्रदीप बीदासरिया, राजू भारतीय, संजय मस्कारा, विजय प्रकाश अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, नारायण अग्रवाल, विजय अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।

