जमशेदपुर, 22 अगस्त 2026: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से चैम्बर के पूर्व उपाध्यक्ष (वित्त एवं कराधान) स्व. सीए दिनेश चौधरी की पुण्यतिथि पर शनिवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। चैम्बर भवन में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित शिविर में कुल 110 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन पूर्वी सिंहभूम के वरीय आरक्षी अधीक्षक डॉ. एहतशाम वकारिब और सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान स्व. दिनेश चौधरी के परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। उनके बड़े भाई सुरेश चौधरी और छोटे भाई आनंद चौधरी ने उनकी स्मृति में लगातार रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए चैम्बर के प्रति आभार जताया।
चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि स्व. दिनेश चौधरी चैम्बर के कर्मठ सदस्य और पदाधिकारी रहे। उन्होंने व्यवसायी एवं उद्यमियों के हित में निष्पक्ष रूप से कार्य किया। कोरोना काल में जनहित से जुड़े कार्य करते हुए वे स्वयं कोरोना संक्रमित हुए और 4 अगस्त 2020 को उनका निधन हो गया। उनकी स्मृति में चैम्बर प्रत्येक वर्ष रक्तदान शिविर आयोजित करता है। इस वर्ष यह पांचवां रक्तदान शिविर था।
वरीय आरक्षी अधीक्षक डॉ. एहतशाम वकारिब और सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने चैम्बर की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक संस्था द्वारा इस तरह के सामाजिक एवं जनहित के कार्य सराहनीय हैं। दोनों अधिकारियों ने रक्तदाताओं का उत्साह भी बढ़ाया।
उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल गोल्डी ने बताया कि शिविर का आयोजन सदर अस्पताल ब्लड बैंक के सहयोग से किया गया। इसमें डॉ. बिमलेश कुमार की विशेष भूमिका रही। सचिव सुरेश शर्मा ने बताया कि शिविर में 110 व्यवसायी एवं उद्यमियों ने रक्तदान किया, जिसमें महिला, पुरुष और नए रक्तदाता भी शामिल रहे।
कार्यक्रम में स्व. दिनेश चौधरी के परिजनों के अलावा चैम्बर के पदाधिकारी, व्यवसायी, उद्यमी और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे। शिविर को सफल बनाने में चैम्बर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ प्रेस-मीडिया की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
चैम्बर पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान जैसे जनहित के कार्यों के माध्यम से स्व. दिनेश चौधरी की सेवा भावना और सामाजिक योगदान को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

