जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसा गालूडीह के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से डांगापाड़ा निवासी रमाकांत दलाई उर्फ बिकुल दलाई (46) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
बताया गया कि रमाकांत दलाई गालूडीह स्थित एक रिसॉर्ट में काम करते थे। शनिवार को वह किसी काम से जा रहे थे, इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल रमाकांत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद हाईवे पेट्रोलिंग 100 नंबर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल घाटशिला भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक के परिवार में उनके भाई संजय दलाई, उमाकांत दलाई और बहन रेखा दलाई हैं। रमाकांत की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि घटना के बाद डांगापाड़ा गांव में भी शोक की लहर है।
गालूडीह थाना प्रभारी अंकु कुमार ने बताया कि हादसे में शामिल अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। वाहन और उसके चालक की पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

