चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आगामी 22 सितंबर से शुरू होने वाली पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर लीग की संचालन परिषद की बैठक बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में हुई। बैठक की अध्यक्षता संचालन परिषद के अध्यक्ष सह जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार मूँधड़ा ने की।
बैठक में पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग की पूरी रूपरेखा पर चर्चा की गई। प्रतियोगिता का संचालन करने वाली कंपनी स्टेक स्पोर्ट्स जी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक पियुष आनंद ने कार्यक्रम का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
परिषद के सदस्यों की सहमति से तय किया गया कि टी-20 लीग की ट्रॉफी का अनावरण 27 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे होटल सैफरन सूट में किया जाएगा। समारोह में जिले के आला अधिकारियों के अलावा झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष, सचिव सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम और सभी फ्रेंचाइजी के मालिक मौजूद रहेंगे।
बैठक में प्रतियोगिता के नियमों को भी मंजूरी दी गई। भाग लेने वाले खिलाड़ियों की सूची तैयार करने की जिम्मेदारी जिला क्रिकेट संघ के महासचिव को सौंपी गई।
जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता के सभी मैचों का सीधा प्रसारण फैनकोड पर किया जाएगा। प्रतियोगिता में आइकॉन खिलाड़ियों के रूप में झारखंड रणजी टीम के कप्तान विराट सिंह, कोलकाता नाइट राइडर्स से खेलने वाले अनुकूल राय, इंडिया-ए टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके बल्लेबाज कुमार कुशाग्र, मुंबई इंडियंस से खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज रोबिन मिंज, राजस्थान रॉयल्स से खेलने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सुशांत मिश्रा तथा हाल में झारखंड टी-20 लीग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बल्लेबाज उत्कर्ष सिंह शामिल हैं।
*छह फ्रेंचाइजी टीमें लेंगी हिस्सा*
असीम कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में चाईबासा चैलेंजर्स, कोल्हान टाइटंस, चक्रधरपुर रॉयल्स, सारंडा वारियर्स, किरीबुरु ब्लास्टर्स और जगन्नाथपुर टाइगर्स नाम से कुल छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। सभी मैच ओपन लीग आधार पर खेले जाएंगे। लीग चरण के बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। फाइनल मुकाबला गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को खेला जाएगा।
फ्रेंचाइजी के मालिक तय होने के बाद खिलाड़ियों की नीलामी होगी। इसमें पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ से निबंधित करीब 125 खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रतियोगिता को लेकर जिला क्रिकेट संघ और संचालन परिषद की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

