Breaking
Sat. Aug 22nd, 2026

*प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, ‘पल्लव’ का विमोचन*

चाईबासा: सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा में शनिवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘पल्लव’ का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं अन्य अतिथि मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ तीन बार ओम् के उच्चारण और गायत्री मंत्र के सामूहिक जाप से हुआ। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया गया। स्वागत गीत और स्वागत संबोधन के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया गया।

मुख्य अतिथि उपायुक्त मनीष कुमार ने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि सफलता केवल अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है। इसके लिए मेहनत, अनुशासन, संस्कार और निरंतर सीखने की भावना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा का सदुपयोग करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने की अपील की।

उपायुक्त ने डीएवी कपिलदेव में बिताए अपने स्कूली दिनों को याद करते हुए तत्कालीन इतिहास शिक्षक और वर्तमान में सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य ओपी मिश्रा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मिश्रा ने इतिहास की अवधारणाओं को सरल और रोचक तरीके से समझाया था, जिसका लाभ उन्हें आईआईटी के बाद यूपीएससी की तैयारी में मिला। उन्होंने विद्यालय के अन्य शिक्षकों के योगदान को भी याद किया और कहा कि शिक्षकों ने कथा-कहानियों के माध्यम से जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए। उन्होंने सफलता के लिए कड़ी मेहनत को आवश्यक बताया और डीएवी की संस्कृति की सराहना की।

उपायुक्त की पत्नी स्वाति ने भी अपने विचार साझा करते हुए विद्यालय जीवन की स्मृतियों को याद किया। वहीं प्राचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर खुशी जताते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और समर्पण के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

*28 विद्यार्थियों ने हासिल किए 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक*

समारोह में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स को सम्मानित किया गया। कक्षा दसवीं में अर्णव कुमार सिंह ने 97.2 प्रतिशत, अक्श कुमार चेजारा ने 97 प्रतिशत, आयुष सिन्हा ने 96.2 प्रतिशत और आर्णवी प्रधान ने 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। कक्षा 12वीं में अश्विनी कुमार ने विज्ञान में 91.6 प्रतिशत, सिद्धि अग्रवाल ने वाणिज्य में 93.4 प्रतिशत, अभिजीत नंदी ने 93.2 प्रतिशत और ऋषिका केडिया ने 90 प्रतिशत अंक हासिल किए।

विद्यालय के लिए यह गौरव की बात रही कि कक्षा दसवीं के 24 और कक्षा 12वीं के चार, कुल 28 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए। सभी विद्यार्थियों को समारोह में सम्मानित किया गया। अभिभावकों ने भी बच्चों की उपलब्धियों पर खुशी जताई।

*वार्षिक पत्रिका ‘पल्लव’ का विमोचन*

समारोह का प्रमुख आकर्षण विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘पल्लव’ का विमोचन रहा। उपायुक्त मनीष कुमार ने विद्यालय परिवार और अतिथियों की मौजूदगी में पत्रिका का लोकार्पण किया। ‘पल्लव’ में विद्यार्थियों की साहित्यिक, रचनात्मक और बौद्धिक प्रतिभा को प्रस्तुत किया गया है।

इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। ‘एक्सप्लोरिंग द वर्ल्ड ऑफ ऑक्युपेशन्स’, ‘सिम्फनी ऑफ इंस्पिरेशन’, ‘मेहनत के पंख, सफलता की उड़ान’, ‘रिदम्स ऑफ इंडिया’, ‘डिवाइन एरास’, ‘हार्मनी बियॉन्ड वर्ड्स’ और ‘शिव तांडव’ की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने सराहा।

मंच संचालन शिक्षिका इशिका कुमारी एवं मनीषा सिन्हा ने किया। वरिष्ठ शिक्षक चंद्रशेखर ने धन्यवाद ज्ञापन किया। शांति पाठ के साथ समारोह का समापन हुआ।

Related Post