Breaking
Fri. Aug 21st, 2026

बालीगुमा में STP निर्माण के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध, अंचल अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र के बालीगुमा में प्रस्तावित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी सामने आई है। शुक्रवार को बालीगुमा मौजा के गाजाडीह टोला और वार्ड नंबर 10 के ग्रामीणों ने पूर्वी सिंहभूम के अंचल अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित स्थल पर STP का निर्माण रोकने की मांग की।

ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए किसी अन्य उपयुक्त स्थान का चयन किया जाए। उनका कहना है कि वे क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास योजनाओं का निर्धारण इस तरह किया जाना चाहिए कि उसका प्रतिकूल प्रभाव स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक जीवन पर न पड़े।

ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित STP स्थल के आसपास आवासीय क्षेत्र मौजूद है। ऐसे में वहां सीवरेज प्लांट स्थापित होने से भविष्य में दुर्गंध, प्रदूषण और अन्य पर्यावरणीय समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका है। ग्रामीणों ने कहा कि आवासीय आबादी के नजदीक इस तरह की परियोजना स्थापित करने से लोगों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बनी रहेगी।

ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष वैकल्पिक प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने मांग की कि जिस स्थान पर STP बनाने की योजना है, उसी जमीन पर सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सामुदायिक भवन बनने से शादी-विवाह, बैठक और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए लोगों को बाहर स्थान तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले पर स्थानीय लोगों की आपत्तियों और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने की अपील की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनहित और पर्यावरणीय परिस्थितियों को देखते हुए प्रस्तावित STP का स्थान बदला जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान सोमाय सोरेन, लक्ष्मण किस्कू समेत कई ग्रामीणों मौजूद रहे।

Related Post