Breaking
Thu. Aug 20th, 2026

सरयू राय की पहल पर ‘शिक्षक का सम्मान, शिक्षा का उत्थान’ विषय पर 6 सितंबर को सेमिनार

शिक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर होगी चर्चा, शोध पत्र भी किए जाएंगे प्रस्तुत

जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को लेकर ‘शिक्षक का सम्मान, शिक्षा का उत्थान’ विषय पर 6 सितंबर को माइकल जॉन ऑडिटोरियम में सेमिनार आयोजित किया जाएगा। सेमिनार की तैयारियों को लेकर गुरुवार को बिष्टुपुर स्थित सरयू राय के आवास पर बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से सरयू राय को आयोजन समिति का संयोजक चुना गया।

बैठक में आयोजन के लिए संयोजक मंडल का भी गठन किया गया, जिसमें कृष्ण कुमार, चंद्रदीप पांडेय, नवनीत सिंह, श्रीमन त्रिगुण और मनोज कुमार सिंह को शामिल किया गया है।

चार सत्रों में होगी चर्चा

सरयू राय ने बताया कि सेमिनार के लिए सुबह 9.30 बजे से पंजीकरण शुरू होगा। सुबह 10 से 11 बजे तक उद्घाटन सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके बाद चार अलग-अलग सत्रों में प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा छात्र आंदोलन से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

  • प्राथमिक शिक्षा: सुबह 11.30 से 12.30 बजे तक
  • माध्यमिक शिक्षा: दोपहर 12.30 से 1.30 बजे तक
  • उच्च एवं तकनीकी शिक्षा: दोपहर 2.30 से 3.30 बजे तक
  • छात्र आंदोलन: दोपहर 3.30 से शाम 4.30 बजे तक

सेमिनार में विभिन्न विषयों पर शोध पत्र भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था का होगा सर्वे

सरयू राय ने बताया कि जमशेदपुर के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों का सर्वे कराया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्था और कमियों की जानकारी जुटाई जाएगी। सर्वे के परिणामों पर सेमिनार के दौरान चर्चा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जमशेदपुर के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों एवं कॉलेजों को सेमिनार में शामिल होने के लिए पत्र भेजा जाएगा। इसके अलावा 27 अगस्त को न्यू बाराद्वारी स्थित पीपुल्स एकेडमी में दोपहर 3.30 बजे विभिन्न विद्यालयों के प्रिंसिपलों की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सेमिनार की तैयारियों और अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा होगी।

चार समितियां गठित

सेमिनार के संचालन के लिए चार समितियों का गठन किया गया है। प्राथमिक समिति में कृष्ण कुमार और अनिता शर्मा, माध्यमिक समिति में चंद्रदीप पांडेय और विकास सिंह, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा समिति में नवनीत सिंह और पवन सिंह तथा छात्र आंदोलन समिति में श्रीमन त्रिगुण और हेमंत पाठक को जिम्मेदारी दी गई है। आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सुबोध श्रीवास्तव संभालेंगे।

बैठक में एसपी सिंह, अशोक गोयल, मनोज कुमार सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, आशुतोष राय, अंशुल शरण, चंद्रदीप पांडेय, सुधीर सिंह, अजय कुमार, नवनीत सिंह, विकास सिंह, पवन सिंह, श्रीमन त्रिगुण, कृष्णा प्रसाद, हेमंत पाठक, कुमुरी विनीत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Post