Breaking
Wed. Aug 19th, 2026

चेकडैम में डूबने से युवक की मौत, 22 घंटे की मशक्कत के बाद बरामद हुआ शव ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद मिला शव, परिवार में मचा कोहराम; गांव में पसरा मातम

लोहरदगा: सेन्हा थाना क्षेत्र के बूटी पंचायत अंतर्गत मेंतगड़ा गांव के समीप नाला पर बने चेकडैम में डूबने से 35 वर्षीय युवक बितेसर लोहरा की मौत हो गई। लगातार बारिश के कारण नाला में पानी का बहाव बढ़ा हुआ था। घटना के करीब 22 घंटे बाद ग्रामीणों ने अथक प्रयास कर युवक का शव चेकडैम से खोजकर बाहर निकाला। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, मेंतगड़ा निवासी बितू लोहरा का 35 वर्षीय पुत्र बितेसर लोहरा मंगलवार की शाम करीब तीन बजे खेत में पानी देखने जा रहा था। गांव और खेत के बीच नाला पर बने चेकडैम को पार करने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जिला परिषद सदस्य राधा तिर्की भी मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों ने युवक की तलाश शुरू की, लेकिन पानी अधिक होने के कारण तत्काल सफलता नहीं मिली। करीब 22 घंटे तक लगातार खोजबीन और कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने शव को चेकडैम से बाहर निकाला।
थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि परिजनों एवं ग्रामीणों के अनुसार युवक की मौत चेकडैम में डूबने से हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया। जिला परिषद सदस्य राधा तिर्की ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए ग्रामीणों से बारिश के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण नदी-नालों में जलस्तर और बहाव बढ़ गया है। ऐसे में नदी-नाला एवं जलस्रोतों के आसपास जाने से ग्रामीण बचें। उन्होंने शव की तलाश में जुटे ग्रामीणों के प्रयास की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया और मृतक के परिजनों को हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का प्रयास करने की बात कही। युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन है, वहीं घटना के बाद से मेंतगड़ा गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Related Post