Breaking
Mon. Aug 17th, 2026

सिदगोड़ा सूर्य मंदिर की जलाभिषेक यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, रघुवर दास समेत हजारों श्रद्धालुओं ने किया भोलेनाथ का जलाभिषेक

जमशेदपुर। श्रावण मास की तृतीय सोमवारी के पावन अवसर पर सिदगोड़ा सूर्य मंदिर समिति की ओर से सोमवार को पारंपरिक सामूहिक जलाभिषेक यात्रा का आयोजन किया गया। बारीडीह बस्ती स्थित हरि मंदिर मैदान से शुरू हुई इस धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं समेत शहर के हजारों शिवभक्त शामिल हुए। हाथों में जल से भरे कलश और मन में भगवान शिव के प्रति आस्था लिए श्रद्धालु सिदगोड़ा सूर्य मंदिर पहुंचे और शिवालय में बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

जलाभिषेक यात्रा की शुरुआत हरि मंदिर मैदान में पूजा-अर्चना और सामूहिक संकल्प के साथ हुई। श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगाजल से भरे कलश लेकर भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए मंदिर की ओर प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने कलश लेकर यात्रा में हिस्सा लिया और भगवान भोलेनाथ से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और दीर्घायु की कामना की।

कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास प्रमुख रूप से शामिल हुए। उन्होंने भी श्रद्धालुओं के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने जमशेदपुर, झारखंड और पूरे देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर विकास की कामना की।

सूर्य मंदिर समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू भी जलाभिषेक यात्रा में मौजूद रहीं। समिति के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और यात्रा के सुचारू संचालन में सहयोग किया।

रघुवर दास ने कहा कि सिदगोड़ा सूर्य मंदिर समिति की जलाभिषेक यात्रा शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। प्रत्येक वर्ष श्रावण की सोमवारी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों में आध्यात्मिक चेतना के साथ सामाजिक एकजुटता की भावना भी मजबूत होती है।

जलाभिषेक के बाद सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर स्थित सोन मंडप में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। समिति की ओर से श्रद्धालुओं और आयोजन में शामिल लोगों के लिए प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई थी। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन की भी व्यवस्था की गई थी।

जलाभिषेक यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के कारण सिदगोड़ा और बारीडीह क्षेत्र का माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आया। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण गूंजता रहा।

Related Post