Breaking
Thu. Sep 3rd, 2026

गोईलकेरा +2 उच्च विद्यालय में PTM बैठक, बालिका छात्रावास की मांग उठी

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित गोईलकेरा में+2 उच्च विद्यालय गोईलकेरा के कॉमन हॉल में गुरुवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के अध्यक्ष पातोर जोंको की अध्यक्षता में अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) आयोजित की गई। बैठक में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को दोबारा विद्यालय से जोड़ने, कक्षाओं के नियमित संचालन, कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग और विद्यार्थियों में अनुशासन बनाए रखने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

बैठक के दौरान अभिभावकों ने विद्यालय में बालिका छात्रावास की व्यवस्था की मांग प्रमुखता से उठाई। अभिभावकों ने बताया कि दूर-दराज और सुदूरवर्ती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्राएं विद्यालय में पढ़ने आती हैं। छात्रावास की सुविधा नहीं होने के कारण कई छात्राओं को मजबूरी में किराये के कमरों में रहकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। छात्राओं की सुरक्षा और नियमित पढ़ाई को लेकर भी अभिभावकों ने चिंता जताई।

अभिभावकों ने कहा कि विद्यालय में बालक छात्रावास उपलब्ध है, लेकिन छात्राओं के लिए भी आवासीय सुविधा की आवश्यकता है। बैठक में बालिका छात्रावास की स्थापना को विद्यालय की प्राथमिक आवश्यकता मानते हुए संबंधित विभाग और सक्षम पदाधिकारियों के समक्ष प्रस्ताव रखने पर सहमति बनी।

SMC अध्यक्ष पातोर जोंको ने कहा कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, ड्रॉपआउट रोकना, अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और छात्राओं के लिए सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना समिति की प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों, शिक्षकों और SMC के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में SMC उपाध्यक्ष सुसारी कमारगांव, सावित्री देवी, प्रधानाचार्य अनुज कुमार रजक, मिराज परवेज, गंगाराम कुमार, हिना परवीन, डिम्बू सुरिन, लाल मोहन ठाकुर, सुरेश बोदरा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, SMC सदस्य और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

Related Post