रांची। धनबाद जिले के कुमारधुबी के पंचमोहली निवासी और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान बबन शर्मा उर्फ गुड्डू की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। 36 वर्षीय बबन शर्मा की पोस्टिंग रांची में थी। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, बबन शर्मा एक दिन की छुट्टी लेकर अपने घर कुमारधुबी आए थे। सोमवार को छुट्टी समाप्त होने के बाद वह मोटरसाइकिल से रांची स्थित अपनी ड्यूटी पर लौट रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ जिले में गोला चौक के समीप उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद रांची स्थित ITBP कैंप के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। घायल जवान को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, मंगलवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जवान की मौत की सूचना परिवार को मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बुधवार सुबह रांची स्थित ITBP कैंप से बबन शर्मा का पार्थिव शरीर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव कुमारधुबी लाया गया। तिरंगे में लिपटे जवान के पार्थिव शरीर को देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित भावुक हो उठे।
इसके बाद बबन शर्मा का अंतिम संस्कार पूरे राष्ट्रीय सम्मान के साथ किया गया। अंतिम विदाई के दौरान माहौल गमगीन रहा। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने भारत माता की जय और बबन शर्मा अमर रहें के नारे लगाए। लोगों ने नम आंखों से देश की सेवा करने वाले जवान को अंतिम विदाई दी।

